नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (एनएफएल) एवं गेल (इंडिया) लिमिटेड की निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), जबलपुर द्वारा गुना जिले के दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए मूल्यांकन शिविर आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा शिविरों के आयोजन की तिथि शिविर के लिये नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिये गये हैं। शिविरों का आयोजन 27 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक निर्धारित स्थानों पर प्रातः 10 बजे से किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 अक्टूबर को ग्राम उकावद जनपद पंचायत राघौगढ़ में, 28 अक्टूबर को जनपद पंचायत बमोरी परिसर में, 29 अक्टूबर को कम्युनिटी हॉल चांचौड़ा में, 30 अक्टूबर को ग्राम पंचायत घटावदा आरोन में, 31 अक्टूबर को जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र गुना में, 01 नवंबर को जनपद पंचायत आरोन परिसर में, 02 नवंबर को जनपद पंचायत राघौगढ़ परिसर में, 03 नवंबर को नगर परिषद कुंभराज में तथा 04 नवंबर को जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र गुना में शिविर आयोजित किए जाएंगे। सभी शिविर प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होंगे।संबंधित अधिकारियों को शिविरों के आयोजन, आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं।
दिव्यांगजनों के लिए आवश्यक दस्तावेज
सीएसआर योजना के अंतर्गत निःशुल्क सहायक उपकरण प्राप्त करने के लिए दिव्यांगजनों को मूल्यांकन शिविर में यूडीआईडी कार्ड (40 प्रतिशत या अधिक), आय प्रमाण पत्र अथवा बीपीएल राशन कार्ड तथा निवास प्रमाण के लिए आधार कार्ड एवं समग्र आईडी की छायाप्रति साथ लाना अनिवार्य है।
वरिष्ठ नागरिकों की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। सभी स्रोतों से उनकी मासिक आय 14,500 रुपये से कम होना आवश्यक है। उन्हें आयु प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेजों की छायाप्रति शिविर में प्रस्तुत करनी होगी। मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल के लिए 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले दिव्यांगजनों का चयन एलिम्को के पुनर्वास विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा।