विजयादशमी के पावन पर्व पर पुलिस लाइन मंडला में परम्परानुसार शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके, मंडला सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी ने विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजन किया। साथ ही वाहनों का भी पूजन कर सुख, समृद्धि, सुरक्षा एवं जनकल्याण की कामना की गई।

विजयादशमी का पर्व भारतीय संस्कृति और परम्परा में विशेष महत्व रखता है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य तथा अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। भारतीय परंपरा में शस्त्र पूजन शक्ति, साहस, कर्तव्यनिष्ठा और धर्म की रक्षा के संकल्प से जुड़ा हुआ है। इस दिन शस्त्रों का पूजन कर उनके सदुपयोग तथा समाज एवं राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण किया जाता है।

कार्यक्रम में मंत्री श्रीमती संपतिया उइके एवं सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने विजयादशमी पर्व की महत्ता को भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपराओं से जुड़ा बताया। पर्व हमें सत्य, न्याय और धर्म के मार्ग पर चलने तथा समाज में सकारात्मकता, सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

शस्त्र पूजन के साथ वाहनों का पूजन भी परंपरानुसार किया गया। भारतीय संस्कृति में कार्य में उपयोग होने वाले साधनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने की परंपरा रही है। इसी भाव के साथ पूजन कर सभी के सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय जीवन की कामना की गई।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने जिलेवासियों को विजयादशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि विजयादशमी का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आए तथा मंडला जिले में विकास, सामाजिक सद्भाव और जनकल्याण की भावना निरंतर सुदृढ़ होती रहे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, डीएफओ श्री एमएस मौर्य, एडीशनल एसपी श्री शिवकुमार वर्मा, एसडीएम मंडला श्री शैलेन्द्र चौधरी सहित विभिन्न अधिकारी, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।