जन सेवा संकल्प अभियान के तहत गोहपारू जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत बरेली में आयोजित जन विश्वास शिविर में कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने सफल उद्यमियों एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान उद्यमियों ने शासन की स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेकर अपना व्यवसाय स्थापित करने और उससे होने वाली आय के संबंध में अनुभव साझा किए। कलेक्टर ने उद्यमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें व्यवसाय का विस्तार करने, आय बढ़ाने तथा अन्य लोगों को भी स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित करने की समझाइश दी।
स्वरोजगार योजनाओं से आत्मनिर्भर बन रहे उद्यमी
संवाद के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति एवं महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र श्री मनीष अलावा ने शासन द्वारा संचालित स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा युवाओं, उद्यमियों एवं महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन प्रमुख हैं। इन योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने, आजीविका गतिविधियां शुरू करने तथा पहले से संचालित व्यवसायों का विस्तार करने के लिए ऋण एवं नियमानुसार अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
पीपर गांव में राइस मिल का संचालन कर रहे श्री विवेक गुप्ता ने अपने व्यवसाय के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि स्वरोजगार के माध्यम से राइस मिल स्थापित कर उन्होंने अपनी आजीविका का बेहतर साधन विकसित किया है। इसी प्रकार गोहपारू में रेस्टोरेंट का संचालन कर रहे श्री अभिमन्यु गुप्ता ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के माध्यम से व्यवसाय स्थापित करने तथा उससे होने वाले लाभ की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शासन की स्वरोजगार योजनाएं युवाओं को स्वयं का व्यवसाय शुरू करने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करती हैं।
ग्राम बरेली की गंगा स्व-सहायता समूह की दीदी ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किराना दुकान का संचालन एवं मुर्गी पालन उनकी आय के महत्वपूर्ण साधन बन गए हैं। इन गतिविधियों से उन्हें आर्थिक लाभ प्राप्त हो रहा है तथा परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने में मदद मिल रही है।
व्यवसाय का विस्तार कर अन्य लोगों को भी रोजगार से जोड़ें: कलेक्टर
कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने सफल उद्यमियों से कहा कि स्वरोजगार केवल स्वयं की आय बढ़ाने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकते हैं। उन्होंने उद्यमियों को अपने व्यवसाय की संभावनाओं को पहचानने, बाजार की मांग के अनुरूप गतिविधियों का विस्तार करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आर्थिक स्थिति और मजबूत बनाने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि सफल उद्यमियों को अपने अनुभव अन्य युवाओं एवं ग्रामीणों के साथ साझा करने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित हों।
चार स्व-सहायता समूहों को 3-3 लाख रुपये की सीसीएल, श्रीमती प्रतिमा विश्वास को मुद्रा ऋण वितरित
जन विश्वास शिविर में आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चार स्व-सहायता समूहों को 3-3 लाख रुपये की कैश क्रेडिट लिमिट (सीसीएल) वितरित की गई। इससे समूहों को अपनी आर्थिक गतिविधियों के संचालन एवं विस्तार में सहायता मिलेगी। इसके साथ ही श्रीमती प्रतिमा विश्वास को मुद्रा ऋण भी वितरित किया गया, जिससे उन्हें अपना स्वरोजगार आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) श्री अमित चौरसिया ने प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को बैंकिंग सुविधाओं से जुड़ने और इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
जन विश्वास शिविर में सफल उद्यमियों के अनुभवों का आदान-प्रदान, स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी तथा स्व-सहायता समूहों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका संवर्धन और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
शिविर में पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय अग्रवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, एसडीएम जयसिंहनगर सुश्री काजोल सिंह, वनमंडलाधिकारी सुश्री पेंडे, डिप्टी कलेक्टर श्री भागीरथी लहरे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत गोहपारू श्री सुधीर कुमार, एपीओ श्री मनोज मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।