सेंट आरसेटी (ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान) बालाघाट द्वारा युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न व्यवसायों में निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से अभ्यर्थियों को व्यवसाय शुरू करने के लिए आवश्यक व्यावहारिक जानकारी एवं कौशल प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान रहने और भोजन की व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क रहेगी।संस्थान द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, सब्जी उत्पादन एवं नर्सरी प्रबंधन का प्रशिक्षण 24 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इसी प्रकार, बकरीपालन का प्रशिक्षण 11 से 22 नवंबर तथा मुर्गीपालन का प्रशिक्षण 14 से 25 नवंबर 2026 तक दिया जाएगा। इसके अलावा, ब्यूटी प्रैक्टिशनर के लिए सामान्य उद्यमिता विकास कार्यक्रम का प्रशिक्षण 23 से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित होगा।
18 से 45 वर्ष तक के अभ्यर्थी पात्र
इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी की आयु आधार कार्ड के अनुसार 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। प्रशिक्षण के पाठ्यक्रम व्यावहारिक एवं बाजार की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी अपना व्यवसाय शुरू कर सकें। प्रशिक्षण के बाद अभ्यर्थियों को बैंक ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया में सहयोग तथा व्यवसाय स्थापित करने के लिए मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थियों को चार पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, आधार कार्ड, बीपीएल राशन कार्ड अथवा 100 दिन की मजदूरी का पंचायत से प्रमाणित जॉब कार्ड अथवा समूह सदस्यों के संबंध में ब्लॉक मैनेजर का प्रमाणीकरण, पैन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, स्वयं एवं समूह की बैंक पासबुक तथा समग्र आईडी प्रस्तुत करनी होगी। आवश्यक दस्तावेजों की तीन-तीन फोटोकॉपी भी जमा करनी होंगी।प्रशिक्षण में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी आवश्यक दस्तावेजों के साथ सेंट आरसेटी बालाघाट में संपर्क कर सकते हैं। संस्थान का पता वार्ड क्रमांक 33, गायखुरी, पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास, बालाघाट है। अधिक जानकारी एवं पंजीयन के लिए मोबाइल नंबर 7693956333, 9424316351 एवं 8839464328 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा ई-मेल dirbala@centralbank.co.in पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। संस्थान के अनुसार, प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सीटें सीमित हैं, इसलिए इच्छुक अभ्यर्थियों से शीघ्र संपर्क करने की अपील की गई है।