माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 एवं वृद्धाश्रमों के लिए निर्धारित न्यूनतम मानकों के संबंध में एक दिवसीय संवेदनशीलता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को दुर्गा वृद्ध सेवा समिति वृद्धाश्रम सरभंगा में किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, उनके भरण-पोषण, कल्याण तथा वृद्धाश्रमों में उपलब्ध कराई जाने वाली आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठजन एवं आसपास के ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा उनके सम्मान, सुरक्षा और बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत अमिरती के सरपंच दिलीप त्रिपाठी, संस्था अध्यक्ष विमल संत एवं समाजसेवी प्रकाश पयासी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।