अंजड़ स्थित पीएम श्री कन्या विद्यालय में बालिकाओं को एचपीवी टीकाकरण के प्रति किया गया जागरूक

बड़वानी 22 अक्टूबर 2026/अंजड़ स्थित पीएम श्री कन्या विद्यालय में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव एवं एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज अंजड़ स्थित पीएम श्री कन्या विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं को एचपीवी टीके की महत्ता, इसके लाभ एवं सर्वाइकल कैंसर से बचाव में इसकी भूमिका के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि 14 वर्ष पूर्ण कर चुकीं एवं 15 वर्ष की आयु पूर्ण नहीं करने वाली बालिकाएं एचपीवी टीकाकरण के लिए पात्र हैं। शासन द्वारा यह टीका सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में प्रत्येक गुरुवार एवं शनिवार को निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों से अपील की गई कि वे एचपीवी टीकाकरण के महत्व को समझें तथा पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित कराएं, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सके।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा बालिकाओं के बेहतर स्वास्थ्य, कैंसर से बचाव एवं जन-जागरूकता के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।