ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने के उद्देश्य से भिण्ड जिले के चिन्हित ग्रामों में आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती की जाएगी। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एस. यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक एवं पात्र महिलाएं 16 दिसंबर 2026 तक मध्यप्रदेश ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
आशा कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग और समुदाय के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करती हैं। इनके माध्यम से गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं, बच्चों एवं ग्रामीण परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाती है। नई भर्ती से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
21 से 45 वर्ष की विवाहित महिलाएं कर सकेंगी आवेदन
आशा कार्यकर्ता पद के लिए आवेदन करने वाली महिला का संबंधित ग्राम का निवासी होना अनिवार्य है। साथ ही आवेदिका का विवाहित होना जरूरी है। महिला की आयु 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 1 नवंबर 2026 की स्थिति में की जाएगी। शैक्षणिक योग्यता के अंतर्गत मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल अथवा मान्यता प्राप्त बोर्ड से दसवीं कक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
भर्ती का पूरा कैलेंडर - आवेदन से लेकर अंतिम चयन तक
आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूरी की जाएगी। पहला चरण (16 नवंबर से 16 दिसंबर 2026) मध्यप्रदेश ई-सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन, दूसरा चरण (17 से 25 दिसंबर 2026) प्राप्त आवेदनों को ग्रामसभा के समक्ष प्रस्तुत करना, तीसरा चरण (26 दिसंबर 2026 से 18 जनवरी 2027) ग्रामसभा द्वारा चयन प्रस्तावों का अनुमोदन, चौथा चरण (19 जनवरी से 5 फरवरी 2027 ) विकासखंड स्तर पर दावे-आपत्तियों का निराकरण, पांचवां चरण (6 से 25 फरवरी 2027) जिला स्तर पर प्राप्त अपीलों का निराकरण, अंतिम चरण (26 फरवरी से 5 मार्च 2027) जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा चयन को अंतिम मंजूरी।
इस भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ग्रामसभा की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इच्छुक महिलाएं निर्धारित समय-सीमा में ऑनलाइन आवेदन कर इस प्रक्रिया में शामिल हो सकती हैं।


