भिण्ड जिले के ग्राम सपाड़ निवासी अफसाना और संजय खां के जीवन में विभिन्न शासकीय योजनाओं ने आत्मसम्मान और स्वाभिमान के रंग भर दिए हैं, जिनसे इनका जीवन आसान और सुरक्षित हो गया है।
संजय खां बताते हैं कि पहले कच्ची मढ़िया में बेहद कठिनाइयों से जीवन यापन करते थे, जो बरसात में टपकती थी। प्रधानमंत्री आवास योजना उनके लिए वरदान बनी। योजना के तहत वर्ष 2024-25 में उन्हें पक्का आवास बनाने के लिए 1 लाख 20 हजार रुपए की सहायता राशि और 90 दिन की मजदूरी स्वीकृत हुई। आज उनका अपना पक्का मकान है, जिसमें उनका परिवार सुरक्षित निवास करता है। स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालय निर्माण के लिए उन्हें 12 हजार रुपए की भी सहायता मिली। घर के आंगन में बने शौचालय से विशेषकर अफसाना और संतानों को सुविधा मिली और खुले में शौच की मजबूरी और असुरक्षा खत्म हुई। परिवार को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत प्रति व्यक्ति 5 किलो निशुल्क अनाज प्रतिमाह मिल रहा है, जिससे उनके परिवार की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।
अफसाना खां के जीवन में शासकीय योजनाएं सशक्तिकरण और स्वाभिमान की नई रोशनी लाई हैं। वे कहती हैं कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत निशुल्क गैस कनेक्शन और सब्सिडी वाले सिलेंडर मिलने से अब उन्हें धुएं से मुक्ति मिली है और रसोई का काम आसान हो गया है। पहले चूल्हे में खाना पकाने में हाथ भी जल जाते थे, लेकिन अब गैस पर स्वादिष्ट खाना पका पाती हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत प्रतिमाह 1500 रुपए मिलने से अफसाना आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं और संतानों की छोटी-छोटी जरूरतें खुद पूरी कर पा रही हैं।
संजय मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, लेकिन अब शासन की इन कल्याणकारी योजनाओं के सहारे उनका परिवार आत्मनिर्भर बना है। संजय और अफसाना कहते हैं कि शासकीय योजनाओं ने उनका जीवन खुशहाल बनाया है। वे इस सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।



