कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह के निर्देशन मे जिले में बाल विवाह रोकथाम जागरूकता हेतु महिला बाल विकास विभागीय अमले द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे है। आगामी दिवसों में देवउठनी ग्यारस पर बाल विवाह की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए मंगलवार को वन स्टॉप सेंटर टीम मंदसौर द्वारा बाल विवाह रोकथाम अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बताया गया कि बाल विवाह से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं मानसिक विकास प्रभावित होता है। बालिका की आयु 18 वर्ष एवं बालक की आयु 21 वर्ष पूर्ण होने पर ही विवाह किया जाना चाहिए। साथ ही बालिकाओं की शिक्षा एवं बाल अधिकारों के महत्व पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित लोगों को बाल विवाह न करने एवं इसे रोकने की शपथ दिलाई गई। अपने आसपास बाल विवाह होने की जानकारी मिलने पर प्रशासन, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अथवा शिक्षक को सूचित करने हेतु प्रेरित किया गया तथा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान में सहयोग करने की अपील की गई। बाल विवाह की सूचना चाईल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 एवं जिले के कंट्रोल रूम 07422-221400 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले का नाम पूर्ण रूप से गोपनीय रखा जावेगा।
