मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के कमिश्नर्स, कलेक्टर्स एवं अन्य अधिकारियों को आगामी त्यौहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने तथा वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों का 15 नवंबर तक सुधार कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी एक माह में अनेक पर्व एवं त्यौहार मनाए जाएंगे। इन दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के समुचित इंतजाम किए जाएं। दीपावली पर पटाखों की बिक्री के स्थलों पर अग्निशमन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करें। कलेक्टर अस्पतालों का निरीक्षण कर बर्न वार्ड की व्यवस्थाओं का जायजा लें। गंभीर मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर एयर एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराकर त्वरित उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्थानीय स्तर पर बिजली वितरण से संबंधित समस्याओं का निराकरण कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने स्वामित्व योजना की समीक्षा करते हुए बताया कि प्रदेश में अब तक एक लाख 60 हजार 220 प्रकरणों का पंजीयन हो चुका है। उन्होंने बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों की सराहना की तथा शून्य प्रगति वाले पटवारियों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने इंदौर, अनूपपुर और धार जिलों में योजना की प्रगति पर विशेष ध्यान देने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 12 जिलों में सामान्य से कम वर्षा हुई है। इन जिलों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने और कम पानी में तैयार होने वाली फसलों की कार्ययोजना तत्काल बनाई जाए। फसल अनावरी की जानकारी तीन दिन के भीतर पोर्टल पर अपलोड कराई जाए। उन्होंने खाद्य पदार्थों के नियमित नमूने लेकर जांच कराने और मिलावटखोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। मौसम परिवर्तन के कारण सर्दी, खांसी, वायरल एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाए। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता की शपथ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। प्रदेश का स्थापना दिवस एक नवंबर को सभी जिला मुख्यालयों पर उल्लासपूर्वक मनाया जाए तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। राज्य स्तरीय मुख्य समारोह भोपाल के लाल परेड मैदान में होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खाद की पर्याप्त उपलब्धता है। कलेक्टर खाद वितरण की सतत निगरानी करें और किसानों को सुगमता से खाद उपलब्ध कराएं। ई-टोकन के माध्यम से पंजीकृत महिला किसान द्वारा नामित परिवार के सदस्य को भी टोकन के आधार पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने त्यौहारों के दौरान सुरक्षा एवं खाद वितरण की व्यवस्था के संबंध में किसान संघों और अन्य संगठनों के साथ बैठक करने को कहा। बैठक में नरवाई प्रबंधन तथा उन्नत दुधारू पशुपालकों को दिए जाने वाले गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार के प्रचार-प्रसार के संबंध में भी निर्देश दिए गए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल सहित प्रदेश के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्ट्रेट के एनआईसी केंद्र, सीधी से कलेक्टर विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, संयुक्त कलेक्टर संजीव पाण्डेय, उपखंड अधिकारी गोपद बनास प्रिया पाठक सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।