इंदौर राजस्व संभाग क्षेत्र के आठों जिलों में मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा अटल गृह ज्योति योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। संभाग के आठों जिलों इंदौर, धार, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, झाबुआ, आलीराजपुर जिलों में पिछले एक माह के दौरान सत्रह लाख उपभोक्ताओं को योजना लाभ देकर प्रथम सौ यूनिट बिजली सौ रूपए में उपलब्ध कराई गई है। संभाग में सबसे ज्यादा सवा चार लाख उपभोक्ता इंदौर जिले के लाभान्वित हुए हैं। इस योजना में प्रति उपभोक्ता अधिकतम मासिक खपत 150 यूनिट ( 30 दिन में) दर्ज होने पर 600 रूपए की अधिकतम सब्सिडी प्रदान की जा रही है।


