भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की एडिप एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत मंडला जिले में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए 16 से 26 नवंबर 2026 तक विभिन्न स्थानों पर परीक्षण एवं चिन्हांकन शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों का आयोजन भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), जबलपुर एवं जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र मंडला के सहयोग से किया जाएगा।

शिविरों में दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उनकी आवश्यकता के अनुसार मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र, वॉकर, चलने की छड़ी, सुगम्य केन एवं अन्य सहायक उपकरणों के लिए चिन्हांकन किया जाएगा। वहीं 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों को भी चलने की छड़ी, श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर, कमर बेल्ट सहित आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिन्हित किया जाएगा।

- 16 नवंबर को जनपद पंचायत निवास

- 18 नवंबर को जनपद पंचायत नारायणगंज

- 19 नवंबर को जनपद पंचायत मोहगांव

- 20 नवंबर को मंडला एवं बम्हनी बंजर

- 21 नवंबर को जनपद पंचायत नैनपुर

- 23 नवंबर को जनपद पंचायत बिछिया

- 25 नवंबर को जनपद पंचायत घुघरी

- 26 नवंबर को जनपद पंचायत बीजाडांडी

एडिप योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों को शिविर में यूडीआईडी कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र अथवा बीपीएल राशन कार्ड, आधार कार्ड एवं समग्र आईडी साथ लाना अनिवार्य है।

वहीं वयोश्री योजना के अंतर्गत 60 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे वरिष्ठजन, जो कम दृष्टि, सुनने में परेशानी या चलने-फिरने में असमर्थता जैसी समस्याओं से प्रभावित हैं, वे शिविर में शामिल होकर उपकरणों के लिए अपना परीक्षण करा सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, समग्र आईडी एवं 15 हजार रुपये से कम मासिक आय का प्रमाण पत्र लाना होगा।

शिविर से संबंधित अधिक जानकारी के लिए सामाजिक न्याय विभाग के श्री राजेंद्र झरिया के मोबाइल नंबर 7987345790 पर संपर्क किया जा सकता है। विभाग ने पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों से निर्धारित तिथि एवं स्थान पर पहुंचकर शिविर का लाभ लेने की अपील की है।