जन सेवा संकल्प अभियान के तहत गोहपारू जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत बरेली में जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने ग्रामीणों को नवदुर्गा उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए उनसे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 79 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 52 शिकायतों का निराकरण किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने कहा कि जन विश्वास शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का उनके गांव में ही निराकरण करना और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है। ग्रामीण अपनी समस्याओं को शिविर में खुलकर रखें, ताकि संबंधित विभागों के अधिकारी उनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित कर सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करें। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के दिए निर्देश शिविर में ग्रामीणों ने बंटवारा, नामांतरण, रास्ता रोकने, कम वोल्टेज तथा धान पंजीयन की तिथि बढ़ाने सहित अन्य समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री जायसवाल ने विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बरसात के दौरान स्कूल तक पहुंचने के लिए मार्ग निर्माण कराने तथा तालाब का गहरीकरण कराने के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। बच्चों को स्कूल पहुंचने में परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा जल संरक्षण के लिए तालाबों का गहरीकरण आवश्यकतानुसार कराया जाना चाहिए। उन्होंने नल-जल योजना से उपलब्ध कराए जा रहे पेयजल का दुरुपयोग रोकने के लिए ग्रामीणों के बीच जनजागरूकता अभियान चलाने तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिन घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है, वहां पेयजल उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 107 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर वितरित की गईं निःशुल्क दवाएं शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 107 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। जन विश्वास शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं के निराकरण की पहल की गई। शिविर में पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय अग्रवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, एसडीएम जयसिंहनगर सुश्री काजोल सिंह, वनमंडलाधिकारी सुश्री पेंडे, डिप्टी कलेक्टर श्री भागीरथी लहरे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत गोहपारू श्री सुधीर कुमार, एपीओ श्री मनोज मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।