मध्यप्रदेश शासन, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, वल्लभ भवन भोपाल एवं कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना के निर्देशानुसार जिले में बाल विवाह रोकथाम के लिए परियोजना स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। 20 नवंबर 2026 को देवउठनी एवं इसके पश्चात भी विवाह मुहूर्त अत्यधिक होते हैं, जिनमें बाल विवाह संपन्न होने की प्रबल संभावना होती है। इन अवसरों पर एवं पूरे वर्ष बाल विवाह की शिकायतें प्राप्त किये जाने हेतु समस्त महिला एवं बाल विकास परियोजना आगर, बड़ौद, नलखेड़ा, सुसनेर जिला आगर-मालवा (म.प्र.) को परियोजना स्तरीय कंट्रोल रूम बनाया गया है।
बाल विवाह की सूचना प्राप्त होने पर संबंधित परियोजना के कंट्रोल रूम पर तत्काल शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। आगर परियोजना में प्रभारी परियोजना अधिकारी संगीता तोमर से मोबाईल नंबर 8224840794 पर, बड़ौद परियोजना में परियोजना अधिकारी भगत सिंह चौहान से मोबाईल नंबर 7509999706 एवं 8962287978 पर, नलखेड़ा परियोजना में प्रभारी परियोजना अधिकारी मीना बाई जमरे से मोबाईल नंबर 6261300079 पर तथा सुसनेर परियोजना में प्रभारी परियोजना अधिकारी रिनू पंत से मोबाईल नंबर 7999732358 पर संपर्क किया जा सकता है।
कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने निर्देश दिए हैं कि कंट्रोल रूम में प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर तत्काल संबंधित क्षेत्र के बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी को सूचित किया जाए और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के अंतर्गत नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। जिले में सूचना दल एवं उड़न दस्ते भी सक्रिय रहेंगे, जो अपने क्षेत्र में हो रहे सामूहिक विवाह एवं विवाह स्थलों का भ्रमण कर यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई बाल विवाह संपन्न न हो।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि बाल विवाह की सूचना मिलने पर शासन की हेल्पलाईन नंबर 181, 1098, 112, स्थानीय कंट्रोल रूम के नंबर पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं तथा बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल https://stopchildmarriage.wcd.gov.in पर भी शिकायत दर्ज करें।
