मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत नमो युवा शक्ति कार्यक्रम एवं नारी आजीविका महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ समुदाय प्रबंधित प्रशिक्षण केंद्र अनूपपुर में किया गया। कार्यक्रम विकास, आत्मनिर्भरता एवं नारी सशक्तिकरण के लिए संगठित नारी शक्ति को समर्पित रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य “सशक्त नारी, समृद्ध युवा, समृद्ध मध्यप्रदेश” की भावना को साकार करना रहा।

कलेक्टर श्री रत्नाकर झा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक श्री शशांक प्रताप ने बताया कि कार्यक्रम के तहत पांच प्रमुख स्तंभों—संगठन से शक्ति, कौशल से समृद्धि, शिक्षा से उजाला, नई सोच से विकास एवं नवाचार से उड़ान—पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती पार्वती राठौर, जिला पंचायत सदस्य सुश्री भारती केवट एवं श्रीमती पूर्णिमा सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात कार्यक्रम की अवधारणा का प्रस्तुतिकरण जिला प्रबंधक (सूक्ष्म वित्त) श्रीमती अंजू द्विवेदी द्वारा किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती पार्वती राठौर ने उपस्थित प्रतिभागियों को जेंडर शपथ एवं नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। इस अवसर पर स्व सहायता समूह से जुड़कर जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को श्रीमती फूलबाई, श्रीमती रामबाई, श्रीमती पूजा एवं श्रीमती आरती कोल ने अपनी सफलता की कहानियों के माध्यम से साझा किया। उन्होंने स्व सहायता समूह से जुड़ने के बाद आत्मविश्वास, आजीविका एवं सामाजिक स्तर पर आए बदलावों के अनुभव प्रतिभागियों के साथ साझा किए।

विभिन्न खेल एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन

नारी आजीविका महोत्सव के दौरान रस्साकशी, ऐसे कैसे खेल, म्यूजिकल चेयर, पहेली खेल एवं रंगोली सहित विभिन्न खेल एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक इन गतिविधियों में सहभागिता की। प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। खेल गतिविधियों का संचालन श्री कन्हैया पटेल, श्रीमती दिव्या सिंह एवं श्रीमती गीतांजलि गुप्ता द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में जीवन ज्योति संकुल संगठन, एकता संकुल संगठन एवं सहारा संकुल संगठन के पदाधिकारी, कार्यकारिणी समिति के सदस्य, सीआरपी दीदियां एवं स्व सहायता समूह की सदस्यगण उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेकर आयोजन की यादों को संजोया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह एवं उमंग का वातावरण रहा।

कार्यक्रम के अंत में जिला प्रबंधक (IBCB) श्री दीपक मोदनवाल द्वारा आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर श्रीमती अंजू द्विवेदी, श्री दीपक मोदनवाल, श्री कन्हैया पटेल, श्रीमती दिव्या सिंह, श्रीमती गीतांजलि गुप्ता सहित स्व सहायता समूह की सदस्यगण उपस्थित रहीं।