राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग गुना, पिरामल फाउंडेशन, कैवल्य एजुकेशन फाउंडेशन एवं हेल्पिंग हैंड राइजिंग स्टार के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को न्यू कलेक्ट्रेट गुना के जनसुनवाई हॉल में पोषण माह जिला स्तरीय शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता एवं पोषण प्रदर्शनी प्रतियोगिता- 2026 आयोजित की गई। पिरामल फाउंडेशन (केईएफ) के प्रोग्राम लीडर नीरज कुमार की पोषण माह नवाचार मुहिम का यह तीसरा संस्करण गुना में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं पोषण के प्रति जागरूकता के प्रचार-प्रसार तथा डिजिटल माध्यम से युवाओं को पोषण माह से जोड़ने के उद्देश्य से जिला स्तरीय शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में गुना जिले से 150 से अधिक शॉर्ट फिल्म प्राप्त हुईं, जिनमें से 33 शॉर्ट फिल्मों का चयन किया गया। इनमें प्रथम पुरस्कार शिफा खान मंसूरी, द्वितीय पुरस्कार सृष्टि रघुवंशी तथा तृतीय पुरस्कार रितु सैनी ने प्राप्त किया। विजेताओं को अवॉर्ड एवं प्रमाण-पत्र तथा सभी प्रतिभागियों को कलेक्टर श्री कन्याल द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

इसी क्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से जागरूकता एवं मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से सेक्टर स्तरीय एवं परियोजना स्तरीय पोषण प्रदर्शनी प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिला स्तरीय पोषण प्रदर्शनी प्रतियोगिता में जिले की छह परियोजनाओं आरोन, बमोरी, चांचौड़ा, गुना ग्रामीण, गुना शहरी एवं राघौगढ़ से पांच-पांच चयनित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में चांचौड़ा परियोजना ने प्रथम, राघौगढ़ परियोजना ने द्वितीय तथा गुना ग्रामीण परियोजना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को अवॉर्ड एवं प्रमाण-पत्र तथा प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

पोषण माह शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता के मुख्य विषयों में बच्चों के लिए विटामिन-ए का महत्व, बच्चों के लिए पूरक आहार का महत्व, पोषण में ग्रामीणों की भागीदारी तथा अन्य पोषण अभियान गतिविधियां शामिल रहीं। वहीं पोषण प्रदर्शनी प्रतियोगिता का आयोजन ‘ लोकल फॉर वोकल ’ एवं ‘ मेरी आंगनवाड़ी, मेरी जिम्मेदारी ’ की थीम पर किया गया।

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा प्रतियोगिता के विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी 80 प्रतिभागियों को महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अंजली एवं सहायक संचालक श्री रिशु कुमार सुमन द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा तैयार किए गए खाद्य पदार्थों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब जिज्जी की पंचायत में रेस्टो मार्ट चलाकर आत्मनिर्भर बन रही हैं। आज वहां सभी लोग जाते हैं। और रेस्टो मार्ट का बहुत नाम हो गया है। उन्होंने कहा कि आप लोग थोड़ा और मेहनत करेंगे तो आगे और बेहतर परिणाम प्राप्त होंगे।

इस दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा तैयार किए गए खाद्य पदार्थों को चखकर उनकी सराहना की और प्रसन्नता व्यक्त की।

कार्यक्रम का संचालन पिरामल फाउंडेशन (केईएफ) के प्रोग्राम लीडर नीरज कुमार ने किया। कार्यक्रम में सीनियर प्रोग्राम लीडर उधम सिंह लोधी, गांधी फेलो लिलिना, अंजली, दीपशिखा, अस्मिता, आदित्य एवं हाफिज की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम में श्री मयंक पांडे एवं रूपेश पहिहार सहित उपस्थित रहे।