**सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला ढिल्ला में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित**
**69 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क औषधियां वितरित की गईं**
निवाड़ी, 12 अक्टूबर 2026। संचालनालय आयुष, मध्यप्रदेश शासन भोपाल के निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशानुसार एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. विनोद कुमार धाकरे के मार्गदर्शन में शासकीय आयुष औषधालय ढिल्ला द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला ढिल्ला में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधियां वितरित की गईं। इस दौरान कुल 69 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विद्यार्थियों को रक्ताल्पता, शिरोरोग, प्रतिश्याय, अतिसार, ग्रहणी, नेत्र रोग सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के संबंध में आवश्यक परामर्श दिया गया तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए उपयोगी औषधियां प्रदान की गईं।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को आयुर्वेद, योग, प्राणायाम एवं प्राकृतिक जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही औषधीय पौधों के गुणों एवं उनके उपयोग के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास अपनाने, संतुलित आहार लेने तथा स्वस्थ दिनचर्या का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। उन्हें बताया गया कि आयुर्वेद, योग, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है।
शिविर में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजेंद्र कुमार अहिरवार, कंपाउंडर श्री चतुर्भुज अहिरवार, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता श्रीमती मालती पस्तोर, दवासाज श्री सीपचंद सौर, योग प्रशिक्षक श्री रवि प्रजापति, योग सहायक श्री अभिषेक अहिरवार एवं पीटीएस श्री महेंद्र प्रजापति उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री अखलेश रैकवार, शिक्षक श्री ब्रजेंद्र वर्मा, श्री अनुज नायक सहित समस्त विद्यालयीन स्टाफ का कार्यक्रम के आयोजन में सराहनीय सहयोग रहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समुदाय में आयुर्वेद, योग तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जनभागीदारी के माध्यम से स्वस्थ भविष्य के निर्माण को प्रोत्साहित करना रहा।



