सेवा संकल्‍प अभियान अंतर्गत जनपद पंचायत मंदसौर की ग्राम पंचायत डिगांवमाली में एक भव्य और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान के तहत 'आंगन मिलन सेवा' और 'पोषण आहार किट वितरण' कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें समाज के अंतिम छोर पर खड़े परिवारों तक खुशियों की सौगात पहुंचाई गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री बसंत शर्मा थे। शासन की 'लाडली लक्ष्मी योजना' के अंतर्गत चयनित बालिकाओं को राष्ट्रीय बचत प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रमाण पत्र पाकर लाडली लक्ष्मियों और उनके अभिभावकों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

इसके साथ ही, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गर्भवती महिलाओं को विशेष पोषण आहार किट प्रदान किए गए। इस किट का उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को आवश्यक पोषण सुनिश्चित करना है, ताकि आने वाली पीढ़ी स्वस्थ और सशक्त जन्म ले सके। कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि और वरिष्ठ अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा, "यह अभियान समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और सेवा का संकल्प है।

लाडली लक्ष्मी योजना बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है, और आज का यह पोषण वितरण कार्यक्रम सुपोषित भारत की दिशा में एक बड़ा कदम है।" आंगन मिलन' गतिविधि के माध्यम से अधिकारियों और समाज के गणमान्य नागरिकों ने आंगनवाड़ी केंद्रों का दौरा किया, बच्चों से आत्मीय संवाद किया और केंद्र की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने का संकल्प लिया एवं उत्कृष्ठ कार्य करने वाली ऑगनवाडी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में श्री जयसिंह चौहान श्री मानसिंह आंजना, श्री जसवंतसिंह आंजना, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, गर्भवती महिलाएं और लाडली लक्ष्मी्यों के परिवार उपस्थित रहे।