जिले में सेवा मेरा योगदान अभियान के अंतर्गत 02 से 10 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न सेवा एवं जन हितैषी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण तथा जरूरतमंद वर्गों की सहायता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित कर सेवा और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया जाएगा।

अभियान के तहत 02 अक्टूबर को स्वच्छता कर्मियों का सम्मान करने के साथ प्लास्टिक मुक्त परिसर के लिए संकल्प दिलाया जाएगा। इसी दिन स्वच्छता संबंधी विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। 03 अक्टूबर को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। 04 अक्टूबर को वृद्धाश्रम एवं अनाथालय में सेवा गतिविधियां आयोजित कर वहां निवासरत लोगों के साथ समय बिताकर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।

इसी क्रम में 06 अक्टूबर को आंखों की जांच एवं चश्मों का वितरण किया जाएगा। 08 अक्टूबर को दिव्यांगजन सशक्तिकरण के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। 09 अक्टूबर को वृहद वृक्षारोपण अभियान के साथ सैनिकों तथा उनके अभिभावकों का सम्मान किया जाएगा। अभियान के अंतिम दिन 10 अक्टूबर को जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक सामग्री का वितरण किया जाएगा।