जिले में हृदय रोग एवं जन्मजात विकृतियों से पीड़ित बच्चों तथा अन्य मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 21 नवंबर 2026 को जिला चिकित्सालय सीधी के डीईआईसी भवन में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर विकास मिश्रा के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में आयुष्मान भारत एवं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत मरीजों की निःशुल्क जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
शिविर में हृदय रोग से पीड़ित बच्चों, बुजुर्गों एवं वयस्कों की जांच की जाएगी। इसके साथ ही जन्मजात विकृतियों से पीड़ित बच्चों के लिए विशेष जांच की व्यवस्था रहेगी। इनमें होंठ कटे एवं तालु कटे होना, हाइड्रोसील, हर्निया, उंगलियों का आपस में जुड़ा होना, हृदय में छेद तथा हृदय संबंधी अन्य बीमारियों से पीड़ित बच्चों की जांच की जाएगी। जांच के बाद जिन मरीजों को विशेष उपचार अथवा सर्जरी की आवश्यकता होगी, उन्हें उपचार के लिए जबलपुर एवं भोपाल भेजने की व्यवस्था की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की आवश्यक जांच एवं उपचार के लिए शिविर में अवश्य पहुंचें। जिन मरीजों को उपचार के लिए रेफर किए जाने की संभावना है, उनके अभिभावक 2 से 3 दिन रुकने की आवश्यक व्यवस्था के साथ आएं, ताकि उपचार संबंधी प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
शिविर में शामिल होने के लिए डीईआईसी प्रबंधक पुष्पेंद्र शुक्ला के मोबाइल नंबर 9131017552 पर व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर पूर्व पंजीयन कराया जा सकता है। शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे ने कहा कि जिले का कोई भी बच्चा जन्मजात विकृति अथवा हृदय रोग के कारण उपचार से वंचित न रहे, यही इस शिविर का प्रमुख उद्देश्य है। शिविर में चिन्हित किए जाने वाले मरीजों के उपचार एवं आगे की प्रक्रिया का फॉलोअप डीईआईसी टीम द्वारा किया जाएगा।
