मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रदेश में 21 नवंबर से ‘एनीवेयर रजिस्ट्री’ की सुविधा प्रारंभ की जा रही है। इस महत्वपूर्ण योजना का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री महोदय द्वारा 21 नवंबर को भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में किया जाएगा। इसके पश्चात 21 नवंबर से प्रदेश के समस्त उप पंजीयक कार्यालयों में यह सुविधा शुरू हो जाएगी। इसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपने निवास स्थान के नजदीकी उप पंजीयक कार्यालय में उपस्थित होकर प्रदेश के किसी भी अन्य शहर अथवा स्थान में स्थित संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों का पंजीयन आसानी से करा सकेगा। ‘एनीवेयर रजिस्ट्री’ की सुविधा के अनेक महत्वपूर्ण लाभ हैं! जिसमें अब रजिस्ट्री कराने के लिए संपत्ति वाले शहर या स्थान पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे आम नागरिकों के बहुमूल्य समय की बचत होगी तथा आने-जाने में होने वाले अतिरिक्त खर्च से भी राहत मिलेगी। नौकरीपेशा व्यक्तियों को रजिस्ट्री कराने के लिए अनावश्यक रूप से छुट्टी लेने की आवश्यकता नहीं होगी। विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों एवं अन्य ऐसे परिवारों को बड़ी सुविधा मिलेगी, जिन्हें रजिस्ट्री के लिए दूसरे शहरों में आने-जाने में परेशानी होती थी। एनीवेयर रजिस्ट्री के लिए पक्षकार को विभागीय पोर्टल संपदा सॉफ्टवेयर 2.0 के माध्यम से अपने नजदीकी उप पंजीयक कार्यालय में पांच वर्किंग दिन पूर्व दस्तावेज का स्लॉट बुक करना होगा। संपत्ति से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेजों को अपलोड करना होगा। व्यक्ति की पहचान हेतु पैनकार्ड, आधार कार्ड आवश्यक है। संपत्ति जिस जिले में स्थित है वहां के उप पंजीयक को 5 वर्किंग दिन में उस संपत्ति के स्टाम्प शुल्क एवं अन्य न्यायालयीन कार्यवाही के संबंध में अपना अभिमत भेजना होगा। तत्पश्चात रजिस्ट्री अधिनियम के अनुसार दस्तावेज का पंजीयन होगा। मध्यप्रदेश शासन की यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जनसुविधा से जुड़ी पहल है। इससे संपत्ति के पंजीयन की प्रक्रिया और अधिक सरल, सुविधाजनक एवं सुलभ होगी। नागरिकों से मध्यप्रदेश शासन की इस नई सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा अपने दस्तावेजों का पंजीयन सुविधानुसार अपने नजदीकी उप पंजीयक कार्यालय में कराने की अपील की गई है।