जिले विकासखंड अनूपपुर के ग्राम सकोला के प्रगतिशील कृषक श्री दीपानारायण साहू ने आधुनिक कृषि यंत्रों और तकनीक को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी, सुविधाजनक और समयबद्ध बनाने की दिशा में प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है। परंपरागत कृषि पद्धतियों के साथ आधुनिक तकनीक का समन्वय करते हुए उन्होंने न केवल अपनी कृषि कार्यक्षमता बढ़ाई, बल्कि कृषि यंत्रों के उपयोग से अतिरिक्त आय का मार्ग भी प्रशस्त किया है।
श्री साहू द्वारा गहरी जुताई एवं कृषि कार्यों में रिवर्सिबल प्लाऊ, मल्टीक्रॉप प्लांटर एवं फसल कटाई हेतु रीपर सहित विभिन्न आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग किया जा रहा है। इन यंत्रों की मदद से जुताई, बुवाई एवं कटाई जैसे कृषि कार्य कम समय में बेहतर ढंग से संपादित हो रहे हैं। आधुनिक कृषि तकनीक के उपयोग से श्रम एवं समय की बचत के साथ फसल अवशेषों के प्रबंधन को भी बढ़ावा मिला है, जिससे नरवाई जलाने की आवश्यकता में कमी आई है।
कृषक श्री साहू ने कस्टम हायरिंग योजना के अंतर्गत ट्रैक्टर सहित कुल 9 कृषि यंत्र क्रय किए हैं। इन कृषि यंत्रों की कुल लागत 21.06 लाख रुपये है, जिसमें कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा लगभग 8 लाख रुपये का अनुदान प्रदान किया गया है। उन्होंने खरीफ सीजन में लगभग 350 घंटे कृषि कार्य कर करीब 4 लाख रुपये की आय अर्जित की है।
श्री साहू की यह पहल बताती है कि आधुनिक कृषि यंत्र केवल खेती को आसान बनाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से कृषक अपनी आय के अतिरिक्त स्रोत भी विकसित कर सकते हैं। उनका अनुभव क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायी है।
श्री दीपानारायण साहू ने कृषक भाइयों से नरवाई नहीं जलाने तथा आधुनिक कृषि यंत्रों एवं उन्नत तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने का आग्रह किया है। आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ते श्री साहू की यह यात्रा कृषि में नवाचार, आत्मनिर्भरता और सकारात्मक बदलाव की प्रेरक कहानी बनकर सामने आई है।
कृषक श्री दीपानारायण साहू ने आधुनिक कृषि तकनीकों एवं कृषि यंत्रों को अपनाने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त किया है।



