जबलपुर के रानी दुर्गावती चिकित्सालय (एल्गिन अस्पताल) की पैथोलॉजी लैब का विस्तार किया जाएगा। रोगी कल्याण समिति की 10 सितंबर को हुई बैठक में नए चिकित्सा उपकरणों और अत्याधुनिक जांच मशीनों के संचालन के लिए अलग बिजली लाइन बिछाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने संबंधित विभागों को स्वीकृत कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। बैठक में समिति की एक अप्रैल से अब तक की आय और व्यय का ब्यौरा लेने के साथ प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की गई।

खास बातें

  • पैथोलॉजी लैब के विस्तार का प्रस्ताव स्वीकृत
  • जांच मशीनों के लिए बिछेगी अलग बिजली लाइन
  • मेडिकल ऑफिसर की कमी का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा

पेयजल लाइन अस्पताल परिसर तक लाने के निर्देश

अस्पताल की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम की जलापूर्ति लाइन परिसर तक पहुंचाने को कहा गया। इस लाइन को अस्पताल की मौजूदा जलापूर्ति व्यवस्था से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए।

निर्बाध बिजली आपूर्ति के उपायों की समीक्षा करते हुए जनरेटर के लिए चिह्नित स्थान पर जरूरी व्यवस्थाएं जल्द पूरी करने को कहा गया। मेडिकल सेफ्टी ऑडिट और फायर सेफ्टी ऑडिट के निष्कर्षों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

खरीद में अधिकृत उपक्रमों को प्राथमिकता

कलेक्टर ने रोगी कल्याण समिति की राशि से सामग्री खरीदते समय पारदर्शिता रखने के निर्देश दिए। खरीद केवल शासन के अधिकृत उपक्रमों के माध्यम से सुनिश्चित करने को कहा गया।

अस्पताल परिसर की साफ-सफाई में आ रही कठिनाइयों पर भी विचार किया गया। निर्देश दिए गए कि मौजूदा एजेंसी काम ठीक से नहीं कर पाए तो सफाई की जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपने की कार्रवाई की जाए।

मेडिकल ऑफिसर की कमी पर शासन को जाएगा प्रस्ताव

अस्पताल में मेडिकल ऑफिसर की कमी दूर करने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर रवि शंकर राय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी, अस्पताल अधीक्षक डॉ. नीता पराशर और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।