"प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना" किसानों को प्राकृतिक आपदाओं एवं फसल नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर रही है। खंडवा जिले के ग्राम पलानी मॉल निवासी किसान श्री नितेश पिता जगदीश राजपूत के लिए भी यह योजना मुश्किल समय में आर्थिक संबल बनी। कृषक श्री नितेश राजपूत ने बताया कि उनके पिता के नाम पर 9 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जिस पर वे मुख्य रूप से सोयाबीन और गेहूं की खेती करते हैं।
पिछले वर्ष अतिवृष्टि के कारण उनकी सोयाबीन की फसल को भारी नुकसान हुआ। फसल खराब होने से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया और अगली फसल के लिए खाद-बीज सहित खेती का खर्च जुटाना भी मुश्किल हो रहा था। कृषक श्री राजपूत ने बताया कि इसी दौरान कृषि विभाग के माध्यम से उन्हें "प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना" की जानकारी मिली। उन्होंने अपनी 9 हेक्टेयर भूमि पर सोयाबीन फसल का बीमा कराया था।
फसल खराब होने के बाद उन्होंने निर्धारित समय-सीमा के भीतर फसल बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर 14447 पर क्लेम दर्ज कराया। श्री राजपूत ने कहा कि कृषि विभाग एवं बीमा कंपनी द्वारा फसल क्षति का सर्वे किए जाने के बाद "प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना" के अंतर्गत 1 लाख 70 हजार रुपये की बीमा राशि प्राप्त हुई।
उन्होंने बताया कि बीमा राशि मिलने के बाद अपना कर्ज चुकाया तथा अगली फसल के लिए खाद-बीज की व्यवस्था की।
"प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना" के लिए जताया आभार
श्री नितेश ने "प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना" के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना किसानों के लिए कठिन समय में आर्थिक सहारा प्रदान कर रही है। योजना से मिली आर्थिक सहायता के कारण उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ और वे दोबारा आत्मविश्वास के साथ खेती कर पा रहे हैं।


