से वा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत जिले में चलाए जा रहे ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत इटारसी में वृद्धाश्रम एवं बाल कल्याण गृह में सेवा एवं जनसहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। सामाजिक न्याय विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा नगर पालिका इटारसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं समाजसेवियों ने सहभागिता की।
वृद्धाश्रम में वृद्धजनों से किया आत्मीय संवाद
इटारसी स्थित रामवृद्ध जन कल्याण समिति द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद किया और उनके अनुभवों को सुना। इस दौरान भोजन, फल एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री वितरित की गई। वृद्धजनों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। साथ ही मनोरंजन एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से उनके साथ समय बिताया गया।
बाल कल्याण गृह में बच्चों के साथ साझा की खुशियां
इसी क्रम में मुस्कान संस्था द्वारा संचालित बाल कल्याण गृह में बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें भोजन, फल, स्टेशनरी एवं दैनिक उपयोग की सामग्री वितरित की गई। बच्चों के लिए खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने बच्चों से संवाद कर उनकी गतिविधियों में सहभागिता की।
कार्यक्रम में विधायक नर्मदापुरम डॉ. सीतासरन शर्मा, लोकसभा सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी, श्रीमती प्रीति शुक्ला, अध्यक्ष मध्यप्रदेश तैराकी संघ श्री पीयूष शर्मा, अध्यक्ष जनपद पंचायत नर्मदापुरम श्री भूपेंद्र चौकसे, अध्यक्ष नगर पालिका इटारसी श्री पंकज चौरे एवं अध्यक्ष नगर पालिका नर्मदापुरम श्रीमती नीतू महेंद्र यादव उपस्थित रहे।
इसके अलावा अपर कलेक्टर नर्मदापुरम श्री राजेश शुक्ला, उपसंचालक सामाजिक न्याय विभाग नर्मदापुरम सुश्री सीमा बडोले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व इटारसी श्री नीलेश शर्मा, वृद्धाश्रम के संचालक श्री नवनीत कोहली एवं बाल कल्याण गृह के संचालक श्री मनीष ठाकुर सहित अन्य समाजसेवी एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे और सेवा कार्यों में सहभागिता निभाई।



