आम नागरिकों की सुविधा के लिए गाडरवारा तहसील परिसर के नवीन भवन स्थित सभाकक्ष में नवीन शासकीय आधार सेवा केंद्र प्रारंभ किया गया है। केंद्र पर ग्रामीण एवं शहरी नागरिकों को आधार नामांकन, अपडेट एवं अन्य आधार संबंधी सेवाएं सहजता से उपलब्ध होंगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित इस केंद्र में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के नए आधार नामांकन को प्राथमिकता दी जा रही है। बच्चों एवं वयस्कों का नया आधार नामांकन निशुल्क किया जाएगा, 5 एवं 15 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर आवश्यक बायोमेट्रिक अपडेट भी निशुल्क होगा, जबकि नाम, जन्म तिथि, पता एवं मोबाइल नंबर आदि में सुधार यूआईडीएआई द्वारा निर्धारित शुल्क के अनुसार किया जाएगा।
केंद्र कार्यदिवसों में प्रातः 10:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक संचालित रहेगा। शासकीय आधार ऑपरेटर श्री समीर तिवारी ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों एवं नवजातों के शत-प्रतिशत आधार नामांकन के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने नागरिकों एवं पालकों से अपील की है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ तहसील परिसर स्थित आधार सेवा केंद्र पहुंचकर सुविधा का लाभ उठाएं।



