भोपाल के टी.टी. नगर स्टेडियम में 16 से 18 सितंबर 2026 तक आयोजित 25वीं मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वूशु प्रतियोगिता में शहडोल जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 7 पदक अर्जित किए। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 700 से अधिक खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं स्पर्धा वर्गों में सहभागिता की।
प्रतियोगिता में शहडोल के अथर्व सिंह टेकाम ने स्वर्ण पदक, आदित्य तिवारी ने रजत पदक तथा प्रथमेश ताम्रकर, इमरान खान, चंद्रशेखर यादव, केशव भारद्वाज एवं ॐ द्विवेदी ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
स्वर्ण पदक विजेता अथर्व सिंह टेकाम के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की वूशु प्रतियोगिता के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों एवं खिलाड़ियों में हर्ष का माहौल है।
शहडोल जिला वूशु संघ के जिला अध्यक्ष श्री राजेश सोंधिया एवं जिला सचिव एवं कोच श्री अंशुमान सिंह ने टीम एवं सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता के दौरान शहडोल टीम के जूनियर कोच के रूप में श्री चंद्रशेखर यादव एवं श्री कान्हा गर्ग ने तथा टीम मैनेजर के रूप में हिमानी सिंह ने अपनी जिम्मेदारी निभाई।



