समय-सीमा की बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति ने विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों एवं शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 100 दिवस से अधिक समय से लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए आगामी बैठक से पहले सभी प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

सीईओ जिला पंचायत ने कहा कि प्राप्त शिकायतों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग 80 प्रतिशत से अधिक शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने नॉन-अटेंडेंट शिकायतों पर विशेष ध्यान देते हुए ऐसी शिकायतों के लंबित रहने के कारणों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में आरटीओ के लगातार अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा संबंधित ऑपरेटर एवं क्लर्क को 5-5 दिवस का अवैतनिक करने के निर्देश भी दिए गए।

सीईओ जिला पंचायत ने जिले में संचालित छात्रावासों एवं आश्रमों के निरीक्षण की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण रिपोर्ट पोर्टल पर फोटो एवं प्रतिवेदन सहित दर्ज करने के निर्देश दिए। जिन अधिकारियों द्वारा अभी तक छात्रावास एवं आश्रमों का निरीक्षण नहीं किया गया है, उन्हें शीघ्र निरीक्षण करने को कहा गया। साथ ही पूर्व निरीक्षण में पाई गई कमियों के संबंध में भी प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने आगामी माह में छात्रावास एवं आश्रमों का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने की जानकारी दी।

बैठक में वनमण्डलाधिकारी श्रद्धा पेन्दे, एडीएम द्वय श्री संरोधन सिंह एवं श्रीमती मिनीषा पाण्डेय, एसडीएम जयसिंहनगर सुश्री काजोल सिंह, सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग, जैतपुर श्री दीपक मंडावी, डिप्टी कलेक्टर अंतोनियो एक्का, श्री भागीरथी लहरे, अंकित उईके, गैलेक्सी नागपुरे सहित विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।