प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा एवं देशसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में ‘सेवा संकल्प यात्रा/जन जल सेवा संकल्प यात्रा’ का मध्यप्रदेश में प्रवेश हुआ। यात्रा का झाबुआ जिले के पिटोल में भव्य आगमन हुआ, जहां महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया एवं जनप्रतिनिधियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान भारत माता के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसके पश्चात बाइक यात्रा कालाखुट पहुंची, जहां जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा यात्रा का स्वागत किया गया। यहां ‘चौपाल संवाद’ का आयोजन कर शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष श्री भानु भूरिया ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि मध्यप्रदेश में सेवा संकल्प यात्रा का सबसे पहले झाबुआ जिले में आगमन हुआ है।

उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 82 आवास निर्मित किए गए हैं, जिसके कारण इस फलिये को ‘मोदी फलिया’ नाम दिया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। इस दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों एवं उपलब्धियों पर आधारित वीडियो का प्रदर्शन भी किया गया।

पारंपरिक लोक नृत्य के माध्यम से स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का स्वागत कर प्रसन्नता व्यक्त की।

इसके पश्चात यात्रा बाल सेवा एवं शिक्षा प्रोत्साहन के उद्देश्य से झाबुआ स्थित विकलांग केंद्र पहुंची। यहां यात्रियों द्वारा बच्चों को ड्राइंग किट वितरित की गई। इसके बाद यात्रा चारोलीपाड़ा स्थित गौशाला पहुंची, जहां गौमाता को चारा खिलाकर गौ-सेवा की गई। साथ ही परिसर में पौधारोपण किया गया।

यात्रा इसके बाद प्रसिद्ध देवझिरी स्थित प्राचीन महादेव मंदिर पहुंची। यहां जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा यात्रा का स्वागत किया गया। मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें सभी ने सहभागिता की। इसके बाद प्राचीन कुंड से जल ग्रहण किया गया तथा भगवान महादेव की आरती कर जयकारे लगाए गए।

यह सेवा संकल्प यात्रा 17 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक संचालित हो रही है, जो गुजरात के वडनगर तथा उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक साथ प्रारंभ हुई है। यात्रा मध्यप्रदेश के सभी 55 जिलों से 13 निर्धारित मार्गों के माध्यम से गुजर रही है। यात्रा में 20 टोलियों के माध्यम से लगभग 500 मोटरसाइकिल सवार एवं सहायता वाहन शामिल हैं।

झाबुआ जिले में निर्धारित सभी सेवा कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न करने के पश्चात यात्रा शाम 6 बजे अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई। यात्रा के दौरान सुरक्षा, सुविधा एवं समन्वय के लिए जिला प्रशासन, गृह (पुलिस) एवं परिवहन विभाग द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।