महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने, संक्रमण से बचाव तथा स्वास्थ्य संबंधी अधिकारों की जानकारी देने के उद्देश्य से वन स्टॉप सेंटर बालाघाट एवं बैहर में समग्र लेप्रा परियोजना के अंतर्गत सीबीएस अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। दोनों शिविरों में वन स्टॉप सेंटर एवं स्वाधार गृह में पूर्व में आश्रित रह चुकी तथा वर्तमान में आश्रित महिलाओं की स्वास्थ्य जांच एवं परीक्षण किया गया।बालाघाट में 3 अक्टूबर को आयोजित शिविर में लगभग 32 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि बैहर में 7 अक्टूबर को आयोजित शिविर में 31 महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। इस प्रकार दोनों शिविरों में कुल 63 महिलाओं की स्वास्थ्य जांच एवं परीक्षण किया गया। शिविर के दौरान महिलाओं की एचआईवी, सिफलिस, यौन संचारित संक्रमण, हेपेटाइटिस-बी एवं सी तथा टीबी की जांच की गई। उपलब्ध जांच परिणामों में सभी महिलाओं की एचआईवी एवं सिफलिस तथा यौन संचारित संक्रमण संबंधी रिपोर्ट गैर-प्रतिक्रियाशील पाई गई।कार्यक्रम में जिला टीबी अधिकारी अस्पताल के डॉ. प्रियवत सोनकर एवं दिशा क्लस्टर की अंजू जाचक का सहयोग रहा। समग्र लेप्रा परियोजना के योगेंद्र टेंभरे, नेमसिंह कुसरे, डिंपी पंचेश्वर, पल्लवी गौतम एवं सुमिक्षा यादव सहित संबंधित कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में शिविर का आयोजन किया गया।जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को एचआईवी/एड्स एवं यौन संचारित संक्रमण से बचाव के उपायों, नियमित स्वास्थ्य जांच, संक्रमणों से बचाव तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही एचआईवी/एड्स संबंधी सहायता के लिए 1097 निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर, राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन के एड्स एप तथा संगठन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। महिलाओं को एचआईवी/एड्स अधिनियम 2017 के प्रावधानों, स्वास्थ्य अधिकारों, रोजगार एवं कौशल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई।शिविर में उपस्थित महिलाओं को आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया तथा स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण से जुड़े कार्यकर्ताओं द्वारा उनकी स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के अनुसार मार्गदर्शन दिया गया।





