मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना ने बुरहानपुर जिले के हितग्राहियों को आत्मनिर्भर बनने और स्वयं का व्यवसाय शुरू करने का अवसर प्रदान किया है। ग्राम नागझिरी निवासी कविता राठौर ने योजना का लाभ लेकर अपने व्यवसाय को नई दिशा दी। लाभार्थी कविता बताती हैं कि योजना का लाभ मिलने से पहले वह एक गृहिणी थीं और परिवार की आय भी सीमित थी। ऐसे में स्वयं का व्यवसाय शुरू करने का विचार उनके लिए आत्मनिर्भर बनने की नई उम्मीद लेकर आया। इसी दौरान उन्हें मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की जानकारी मिली। उन्होंने उद्योग विभाग के माध्यम से योजना के अंतर्गत आवेदन किया। आवेदन स्वीकृत होने के बाद उन्हें योजना के तहत 3 लाख 70 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। इस आर्थिक सहयोग से लाभार्थी कविता ने यश कलेक्शन एण्ड जनरल स्टोर के नाम से व्यवसाय शुरू किया। आज कविता राठौर अपनी दुकान का सफलतापूर्वक संचालन कर रही हैं। उनकी दुकान में छोटे बच्चों से लेकर बड़े लोगों तक के लिए विभिन्न प्रकार के कपड़े उपलब्ध हैं। महिलाओं के लिए साड़ियों सहित अन्य परिधान भी यहां मिलते हैं। आसपास के ग्रामों से भी ग्राहक उनकी दुकान पर खरीददारी के लिए आते हैं। अच्छी बिक्री से उन्हें व्यवसाय में बेहतर आय और मुनाफा प्राप्त हो रहा है। लाभार्थी कविता बताती है कि इस कार्य में उनके पति भी उनका पूरा सहयोग करते है। कविता राठौर कहती हैं कि मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना उनके लिए आत्मनिर्भरता की राह बनाने वाली योजना साबित हुई है। योजना की सहायता से आज वे अपनी कमाई से परिवार का सहयोग कर पा रही है। वे अपने व्यवसाय को और आगे बढ़ाने तथा अधिक ग्राहकों तक पहुंच बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत् हैं। लेख है कि, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना मध्यप्रदेश सरकार की एक स्वरोजगार योजना है, जिसके तहत युवाओं को नया व्यवसाय या उद्योग शुरू करने के लिए कम ब्याज पर बैंक लोन और वित्तीय सहायता दी जाती है।
बुरहानपुर से और
और →पशुपालन एवं डेयरी विभाग
बकरी एवं पोल्ट्री पालन संबंधी 7 दिवसीय व्यावसायिक प्रशिक्षण, जल्द कराएं पंजीयन
बुरहानपुर

